जालोर जिले के आहोर थाना परिसर में मंगलवार दोपहर अचानक आग लग गई। पास ही मौजूद सरकारी अस्पताल के कचरे से उठी चिंगारी थाना परिसर तक पहुंच गई। इस हादसे में पुलिस द्वारा जब्त की गई 40 से अधिक बाइक जलकर पूरी तरह राख हो गई हैं। वाहनों में लगी आग जानकारी के अनुसार, थाना परिसर में पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में जब्त की गई करीब 100 से अधिक बाइकें खड़ी थीं। दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक वाहनों में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। तत्परता दिखाते हुए लोगों ने आनन-फानन में अन्य बाइकोंं को खींचकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। देरी से पहुंची दमकल स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल निजी पानी के टैंकरों को मौके पर बुलाया और करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया। हालांकि, दमकल की गाड़ी आग बुझने के करीब 15 मिनट बाद मौके पर पहुंची, जिसे लेकर स्थानीय व्यापारियों ने भारी नाराजगी जाहिर की। कुल 45 मिनट के अभियान के बाद आग को पूरी तरह शांत किया गया। अस्पताल के कचरे से फैली आग आग लगने के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि पास के राजकीय अस्पताल परिसर में लंबे समय से खुले में कचरा जलाया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि वहीं से उठी चिंगारी हवा के साथ उड़कर थाना परिसर में खड़े वाहनों तक पहुंच गई। फिलहाल, पुलिस ने आग लगने के वास्तविक कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। देखें मौके की तस्वीरें…