नगरीय विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता शुक्रवार को अजमेर पहुंचे। गुप्ता ने अजमेर विकास प्राधिकरण के कामकाज की समीक्षा की। अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं और प्रोजेक्ट की प्रगति की जानकारी ली गई। इस मौके पर गुप्ता ने अधिकारियों को एडीए की जमीनों को चिह्नित कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संपर्क पोर्टल पर आई शिकायतों का जल्द निस्तारण कर आम जनता को राहत देने के निर्देश दिए। अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार की ओर से योजना को लेकर आज रिव्यू मीटिंग की गई। इस बीच संपर्क पोर्टल पर आई शिकायतों को भी जल्द निस्तारण कर पीड़ितों को राहत देने के निर्देश दिए हैं। गुप्ता ने कहा कि इसके साथ ही एडीए की ओर से बनाए जाने वाली सड़कों पर क्वालिटी का प्रॉपर ध्यान रखने और लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पीडब्ल्यूडी और एडीए के बीच तालमेल नहीं होने के सवाल पर गुप्ता ने कहा कि अधिकारियों को इसे ठीक करने के निर्देश दिए हैं। एडीए स्कीम के तहत एडीए की लैंड को चिह्नित कर वहां से अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश दिए हैं। अजमेर में एडीए की बनी नवनिर्मित बिल्डिंग में लापरवाही के सवाल पर गुप्ता ने कहा कि अगर बिल्डिंग निर्माण में कोई लापरवाही हुई है तो उसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।