राजसमंद जिले के नाथद्वारा में निर्माणाधीन लालबाग ओवरब्रिज को लेकर लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि ओवरब्रिज को केवल एक तरफ बनाकर अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। शनिवार को सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ की जनसुनवाई में यह मुद्दा उठा। ओवरब्रिज को लेकर आंदोलन कर रही लालबाग संघर्ष समिति के लोगों का कहना है कि 15 दिन में अगर काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे। इस पर महिमा कुमारी मेवाड़ ने 2 दिन में प्रोजेक्ट डायरेक्टर से बात करके समाधान करने की बात कही। लगातार हो रहे हादसे जनसुनवाई के दौरान लालबाग संघर्ष समिति सदस्या ने कहा- नेशनल हाईवे पर लंबित ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। कहा- अगले दो दिन में मैं परियोजना निदेशक से चर्चा करके समस्या के समाधान का प्रयास करूंगी। जनसुनवाई में सांसद ने आमजन की समस्याओं के जल्दी समाधान के निर्देश दिए। जनसुनवाई केंद्र पर बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं सांसद के समक्ष रखीं। इस दौरान सांसद ने कई मामलों में मौके पर ही प्रशासनिक अधिकारियों से फोन पर बात कर जल्दी समाधान करने की बात कही। बीजेपी कार्यकर्ताओं की बैठक ली इसके बाद सांसद ने भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों व विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया एवं सार्वजनिक मंचों पर संयमित भाषा का प्रयोग करने व केवल तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखने की अपील की।