अजमेर में फूड सेफ्टी टीम ने छापेमार कार्रवाई करते हुए एक डेयरी से करीब 400 किलो सड़ा हुआ मावा, पनीर मोजरेला चीज और खराब रसगुल्ले जब्त किए। जांच के दौरान डेयरी में गंदगी मिलने पर टीम ने मौके पर ही सारा खराब माल डंपिंग यार्ड में नष्ट करवाया और संचालक को नोटिस थमा दिया। जिले में ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत फूड सेफ्टी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बालूपुरा स्थित मेसर्स ममता डेयरी पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान डेयरी के फ्रीजर में लंबे समय से रखा मावा और पनीर पूरी तरह खराब मिला। मावे में फंगस लगी हुई थी और उससे तेज बदबू आ रही थी। अधिकारियों के अनुसार, यह सामग्री किसी उपभोक्ता के ऑर्डर के लिए स्टोर की गई थी। खराब माल को डंपिंग यार्ड में कराया नष्ट खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए खराब सामग्री को जब्त कर शहर के डंपिंग यार्ड में ले जाकर नष्ट कराया। निरीक्षण में डेयरी की उत्पादन इकाई बेहद गंदगी और अनहाइजीनिक स्थिति में संचालित होती पाई गई। डेयरी संचालक को नोटिस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत दो नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। साथ ही डेयरी संचालक को धारा 32 के तहत सुधार (इंप्रूवमेंट) नोटिस जारी किया जाएगा। सीएमएचओ डॉ जोत्स्ना रंगा के अनुसार, यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान के निर्देशों पर की गई। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार सिंधी, राजेंद्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।