अजमेर में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि दीपावली पर्व से पहले शहर जगमग होगा। इसके लिए प्रकाश व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी कड़ी में उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में हाईमास्ट लाइटों का लोकार्पण किया। उन्होंने इंडिया मोटर सर्किल, ठठेरा चौक, ऊसरी गेट, शनि मंदिर और शिव मंदिर क्षेत्रों में हाईमास्ट लाइटों का उद्घाटन किया। 15 दिन में काम पूरा करना होगा अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा 12 हाईमास्ट व 19 मिनी हाईमास्ट और नगर निगम द्वारा 13 हाईमास्ट व 3 मिनी हाईमास्ट लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं। उन्होंने नगर निगम और एडीए अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली से पहले सभी प्रमुख सड़कों, चौराहों और शहर के 80 वाडों में 3 हजार से अधिक नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं। इसके अलावा, पुष्कर रोड और जयपुर रोड पर हेरिटेज पोल व लाइट्स लगाने का शेष कार्य आगामी 15 दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि एलिवेटेड रोड के नीचे भी त्योहारी सीजन को देखते हुए आकर्षक रोशनी होगी। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर महापौर अनामिका शर्मा, पार्षद अनीश गोयल, प्रवीण जैन, अरविंद यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।