अजमेर में हॉस्पिटल में डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने के लिए फोन करना एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया। शातिर ने वॉट्सऐप कॉल के जरिए उनसे ओटीपी ले लिया। इसके बाद उनके बैंक खाते से 3 लाख 98 हजार 500 रुपए निकाल लिए। पीड़ित को 17 अक्टूबर को बैंक से UPI सर्विस ब्लॉक होने का मैसेज मिला था। 18 अक्टूबर को Google Pay चलाने की कोशिश की तो पता चला कि खाते से रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर हो चुकी है। पीड़ित की रिपोर्ट पर आदर्शनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शालीमार कॉलोनी निवासी 72 वर्षीय वली मोहम्मद ने रिपोर्ट दी कि उनका SBI बैंक की आदर्शनगर शाखा में खाता है। 14 अक्टूबर को उन्होंने हॉस्पिटल में अपॉइंटमेंट लेने के लिए फोन किया था। इसी दौरान उनके पास वॉट्सऐप कॉल आई। कॉल करने वाले ने उनसे ओटीपी मांगा तो उन्होंने बता दिया। इसके बाद 17 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर बैंक की ओर से UPI सर्विस ब्लॉक होने का मैसेज आया। उन्होंने Google Pay चेक किया, लेकिन वह नहीं खुला। अगले दिन दोबारा कोशिश करने पर पता चला कि खाते से बिना जानकारी के दो ट्रांजेक्शन हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, खाते से 2 लाख 99 हजार रुपए IIFL फाइनेंस में और 99 हजार 500 रुपए SBI लोन खाते में ट्रांसफर किए गए। इस तरह कुल 3 लाख 98 हजार 500 रुपए निकल गए। पीड़ित ने 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत भी दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई विनोद कुमार को सौंपी है।