उदयपुर में त्योहारों पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने 136 मिलावटी मावे के डिब्बे जब्त किए। हर डिब्बे में करीब 15 किलो मावा भरा हुआ था। इस तरह करीब 2 टन मावे की खेप पकड़ी गई। सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने बताया- बीकानेर और गुजरात के अहमदाबाद से बसों के जरिए ये मावा उदयपुर लाया गया था। यहां से इसे ऑटो में भरकर शहर की अलग-अलग मिठाई की दुकानों पर सप्लाई किया जाना था। दुकानों तक पहुंचने से पहले ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने उदयपोल बस स्टैंड के पास शुक्रवार को खेप को पकड़ लिया। रात से ही कर रहे थे रेकी कार्रवाई के लिए फूड इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह चौहान और सहायक कर्मचारी मोहम्मद सलीम रात से ही रेकी कर रहे थे। टीम ने मावे की आवक और उसकी सप्लाई पर लगातार निगरानी रखी। इसके बाद मौके पर कार्रवाई करते हुए 136 डिब्बों को कब्जे में लिया। कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यापारियों को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने मावे के सैंपल लिए। जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। यदि जांच में मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।