अजमेर पुलिस ने सरकारी इमारतों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले गेस्ट हाउस संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने पूर्व बिजनेस पार्टनर से रंजिश निकालने के लिए उसके नाम से फर्जी ईमेल बनाकर भेजता था। आरोपी अजमेर कलेक्ट्रेट, सर्किट हाउस और कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दे चुका है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने गुजरात के सोमनाथ से आरोपी गेस्ट हाउस संचालक को पकड़ा है। फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और उससे केंद्रीय व राज्य की खुफिया एजेंसियां भी संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही हैं। सोमनाथ का रहने वाला है आरोपी अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया- गिरफ्तार आरोपी की पहचान फलदू हार्दिक (40), पुत्र रमेशचंद्र पटेल, निवासी सोमनाथ (गुजरात) के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से धमकी भेजने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी को गूगल पर अजमेर की सरकारी ईमेल आईडी आसानी से मिल गई थी, इसलिए उसने अजमेर को धमकी भरा मेल भेज दिया। 17 जुलाई को मिला था धमकी भरा ईमेल एसपी ने बताया- 17 जुलाई को सुबह 11:19 बजे जिला एवं सेशन न्यायालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर बम धमाके की धमकी वाला ईमेल प्राप्त हुआ था। ईमेल में कलेक्ट्रेट, सर्किट हाउस और न्यायालय परिसर को निशाना बनाने की बात लिखी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एटीएस (ATS), डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने तीनों परिसरों की गहन तलाशी ली, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। गेस्ट हाउस के विवाद में रची साजिश जांच में सामने आया कि आरोपी फलदू हार्दिक गुजरात के सोमनाथ में एक गेस्ट हाउस संचालित करता है। कुछ महीने पहले उसने अपना गेस्ट हाउस हारून नाम के व्यक्ति को किराए पर दिया था। बाद में दोनों के बीच पैसों के लेनदेन और संचालन को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर हारून ने अपना अलग गेस्ट हाउस शुरू कर दिया। इसी रंजिश के चलते हार्दिक ने हारून गोहिल के नाम से एक फर्जी ईमेल आईडी बनाई और अजमेर की सरकारी इमारतों को बम से उड़ाने की धमकी भेज दी, ताकि पुलिस कार्रवाई में हारून फंस जाए। साइबर सेल ने डिजिटल फुटप्रिंट से पकड़ा टीम ने ईमेल के आईपी एड्रेस (IP Address), डिजिटल फुटप्रिंट और तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन गुजरात के सोमनाथ में मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। कई एजेंसियां कर रही हैं पूछताछ एसपी ने बताया- आरोपी से यह भी पूछताछ की जा रही है कि क्या उसने देश के अन्य शहरों या सरकारी संस्थानों को भी इसी तरह की धमकियां भेजी हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए केंद्रीय और राज्य की खुफिया एजेंसियां भी उससे संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है और अब तक की पूछताछ में उसने अकेले ही इस पूरी वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। ---- यह खबर भी पढ़िए… कोर्ट को धमकी: '6 ब्लास्ट होंगे, जजों को बाहर निकालो':मेल में लिखा- सिर्फ प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाना है; सुरक्षा बलों ने खंगाला चप्पा-चप्पा अजमेर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने का धमकी का ईमेल मिला। धमकी मिलते ही सोमवार सुबह करीब 7:15 बजे सीओ (नॉर्थ) शिवम जोशी और सिविल लाइंस थाना प्रभारी शंभू सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पढ़ें पूरी खबर