कार का शीशा तोड़कर 9 लाख 80 हजार रुपए की नकदी चोरी करने वाले हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पहले से भीलवाड़ा के प्रतापनगर थाना पुलिस की गिरफ्त में था। अजमेर की कोतवाली थाना पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर पकड़कर लेकर आई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर 3 दिन के रिमांड पर लिया है। कोतवाली थाने के एएसआई सुभाष चंद ने बताया कि मामले में भीलवाड़ा के पटेल नगर निवासी राधेश्याम पुत्र बालूराम को गिरफ्तार किया है। आरोपी भीलवाड़ा जिले का हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी है। उसके खिलाफ चोरी और लूट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी से चोरी की रकम और उसके साथियों के बारे में पूछताछ की जाएगी। महिला बैंक के अंदर गई, फिर की चोरी 3 अक्टूबर 2025 को परिवादी विक्रांत जैन ने मामला दर्ज कराया था। शिकायत में बताया गया कि उनकी पत्नी कार से बैंक गई थी। पत्नी के बैंक के अंदर जाने पर बदमाश कार का शीशा तोड़कर अंदर रखे 9 लाख 80 हजार रुपए चोरी कर ले गया था। पुलिस ने मामला सामने आने पर आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान आरोपी की पहचान कर गिरफ्तार किया।