अजमेर में शादी करवाने का झांसा देकर एक युवक से डेढ़ लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने मंदिर में युवती के साथ हिंदू रीति-रिवाज से शादी करवाई, लेकिन घर पहुंचते ही युवती ने साथ रहने से मना कर दिया। मामले में पीड़ित की शिकायत पर मांगलियावास थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह है पूरा मामला पुलिस के अनुसार ग्राम जेठाना निवासी सुनील वैष्णव (33) ने रिपोर्ट दी कि गांव के ही हिम्मत आचार्य ने उसकी शादी जल्द करवाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उसकी बातचीत दलाल रुपसिंह से करवाई गई। आरोप है कि रुपसिंह ने एक युवती से शादी करवाने के लिए 1.50 लाख रुपए नकद मांगे और युवती को सुंदर व सुशील बताया। 20 अप्रैल 2026 को रुपए लेने के बाद युवती पूजा राय के साथ मंदिर में फेरे करवा दिए। इस दौरान फोटो और वीडियोग्राफी भी करवाई गई। घर पहुंचते ही बदला व्यवहार पीड़ित के अनुसार शादी के बाद जब युवती को घर लाया गया तो उसने अजीब हरकतें करनी शुरू कर दीं और साफ कह दिया कि वह यहां नहीं रहेगी और अपने गांव वापस जाएगी। जब उससे रुपए लौटाने की बात कही गई तो उसने जिम्मेदारी दलाल पर डाल दी। लिव-इन के कागजात बनवाकर किया धोखा सुनील ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने शादी के नाम पर धोखा देकर लव मैरिज के बजाय लिव-इन रिलेशनशिप के दस्तावेज तैयार करवा दिए। इस तरह उसके साथ सुनियोजित तरीके से ठगी और छल-कपट किया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।