अजमेर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी पर 10 से ज्यादा मामले दर्ज है। मामले का खुलासा गुरुवार को सीओ शिवम जोशी ने किया। सीओ शिवम जोशी के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को पीड़ित हिमांशु शर्मा ने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, कि 13 अप्रैल की सुबह वह स्कूल जा रहा था, तभी स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन बदमाश उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जिले में बढ़ रही चोरी और स्नैचिंग की वारदातों को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ के निर्देशन में सिविल लाइन थाना प्रभारी शंभू सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। दो दोस्तों के साथ मिलकर एक ही दिन में तीन वारदातें कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक गौतम उर्फ विक्की (21) निवासी पिचोलिया को डिटेन कर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके पास से सैमसंग कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ। आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर एक ही दिन में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन वारदातें करना कबूल किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ अजमेर शहर के विभिन्न थानों में छीना-झपटी और चोरी के करीब 10 मामले पहले से दर्ज है। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए वारदातों को अंजाम देता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से उसके फरार साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है और उनकी तलाश जारी है।