नागौर के वार्ड नंबर 60 स्थित सुशांत नगर कॉलोनी के लोगों ने सीसी सड़क और जल निकासी व्यवस्था नहीं होने पर नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले 10 सालों से सड़क नहीं बनने के कारण हर बारिश में मुख्य मार्ग कीचड़ और सीवरेज के गंदे पानी से भर जाता है। कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर लोगों ने जनआंदोलन की चेतावनी दी है। बारिश में तीन महीने तक जलभराव की स्थिति कॉलोनीवासियों के अनुसार बारिश के मौसम में करीब तीन महीने तक मुख्य रास्ते पर पानी और कीचड़ जमा रहता है। कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त सीवरेज लाइन से गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है। अधिक बारिश होने पर यही पानी घरों तक पहुंच जाता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी होती है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत स्थानीय निवासी संतोष विश्नोई ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से कॉलोनी में रह रही हैं। सड़क नहीं होने के कारण सामान्य दिनों में भी आवागमन मुश्किल रहता है, जबकि बारिश में मुख्य रास्ता पानी से भर जाता है। टूटी सीवरेज लाइन के कारण गंदा पानी सड़क पर फैलने से दुर्गंध और संक्रमण का खतरा भी बना रहता है। वहीं कॉलोनी निवासी संतोष वैष्णव का कहना है कि कॉलोनी में हमेशा कीचड़ की स्थिति बनी रहती है। बारिश के दिनों में बच्चे इसी कीचड़ से होकर स्कूल जाने को मजबूर होते हैं और कई बार फिसलकर गिर भी जाते हैं। बुजुर्गों के लिए भी घर से बाहर निकलना जोखिम भरा हो जाता है। उन्होंने कहा कि कॉलोनीवासी लंबे समय से सीसी सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। कई बार शिकायत, फिर भी समाधान नहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने संपर्क पोर्टल, नगर परिषद और संबंधित अधिकारियों को कई बार ज्ञापन देकर सीसी सड़क निर्माण और बरसाती व सीवरेज के गंदे पानी की निकासी की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो वे जनआंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे।