चित्तौड़गढ़ में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए परिवहन विभाग ने स्कूल बसों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। जिन बसों की फिटनेस अवधि खत्म हुए छह महीने से अधिक हो चुके हैं और अब तक नवीनीकरण नहीं कराया गया, उनकी आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) निलंबित की जा रही है। विभाग पहले ही 32 स्कूलों को नोटिस जारी कर चुका था, लेकिन कई संस्थानों ने नियमों का पालन नहीं किया। 32 स्कूलों को नोटिस, अब शुरू हुई कार्रवाई जिला परिवहन अधिकारी दया शंकर गुप्ता ने बताया कि कुछ समय पहले जिले के 32 स्कूलों की बसों की फिटनेस अवधि समाप्त होने पर संबंधित स्कूलों को नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस मिलने के बाद कई स्कूलों ने अपनी बसों की फिटनेस जांच करवा ली, लेकिन कुछ संस्थानों ने अब तक इसे नहीं कराया। इनमें ऐसी बसें भी शामिल हैं, जिनकी फिटनेस समाप्त हुए छह महीने से अधिक समय हो चुका है। आरसी निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू परिवहन विभाग ने ऐसे वाहनों की आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में संबंधित स्कूलों को दोबारा सूचना भी भेज दी गई है। परिवहन विभाग का कहना है कि स्कूल बसों की फिटनेस केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण नियम है। फिटनेस जांच के दौरान बस की ब्रेक, स्टीयरिंग, टायर, लाइट, इमरजेंसी गेट समेत अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की जाती है। यदि बिना फिटनेस वाली बस सड़क पर चलती है और कोई दुर्घटना होती है, तो बच्चों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। इसी कारण विभाग ऐसे मामलों में सख्ती बरत रहा है। इन संस्थानों की बसें कार्रवाई के दायरे में जिन संस्थानों की बसों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है, उनमें टैलेंट एजुकेशन सोसाइटी (निकुंभ), दिव्यांश शिक्षण समिति, पटेल शिक्षा सेवा समिति, हैप्पी पब्लिक स्कूल, बिरला शिक्षा केंद्र, श्री दयाल शिक्षण सेवा संस्थान (2 बसें), गीता शिक्षण संस्थान (2 बसें), सरस्वती विद्या विहार, विवेकानंद शिक्षा प्रसार समिति और न्यू कस्तूरबा शिक्षण संस्थान शामिल हैं। समय पर फिटनेस कराने की अपील परिवहन विभाग ने कहा है कि जिन स्कूलों की बसों की फिटनेस समय पर नहीं करवाई जाएगी, उनके खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने सभी स्कूल संचालकों से बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल बसों की फिटनेस समय पर कराने की अपील की है।