जालोर में पिछले तीन दिनों से लगातार चल रहा बारिश का दौर शुक्रवार देर रात को थम गया। हालांकि पिछले 24 घंटों के दौरान जिले में औसत 16.1 एमएम बारिश दर्ज की गई। अच्छी बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। वहीं बारिश थमने के बाद शनिवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और मौसम में उमस बनी रही। तीन दिन हुई बारिश से कई क्षेत्रों में पानी भरा जालोर में शुक्रवार रात करीब 12 बजे के बाद से बारिश नहीं हुई। इससे पहले जिले के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। बारिश के कारण आमजन को गर्मी से राहत मिली, वहीं खेतों में खरीफ फसलों के लिए भी यह बारिश लाभदायक मानी जा रही है। लगातार तीन दिन हुई बारिश से जिले के कई क्षेत्रों में पानी भर गया और नदी-नालों में भी पानी की आवक हुई। 24 घंटे में सबसे ज्यादा चितलवाना में दर्ज जिले में पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 54 एमएम बारिश चितलवाना में दर्ज की गई। इसके अलावा भाद्राजून में 37, सांचौर में 36, आहोर में 23, जसवंतपुरा में 17, भीनमाल में 10, जालोर में 9, सायला में 7, बागोड़ा में 3 और रानीवाड़ा में 2 एमएम बारिश दर्ज हुई। जिले में औसत बारिश 16.1 एमएम रही। आज भी तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट मौसम विभाग ने जालोर जिले में शनिवार को भी तेज आंधी के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में जिले में आज फिर से बारिश होने की संभावना बनी हुई है। सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। हालांकि बारिश नहीं होने से मौसम में उमस महसूस की जा रही है।