अजमेर जिले में पंचायत चुनाव के दौरान मेवदाकलां में फर्जी वोटिंग को लेकर हंगामा हो गया, जहां पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने ग्रामीणों को खदेड़ा। ग्रामीणों ने एक महिला पर फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया कि हंगामे के बाद ग्रामीणों से समझाइश कर मामला शांत कर दिया गया। वहीं, मांगलियावास में भी फर्जी वोटिंग की जानकारी सामने आई है, जहां मतदाताओं की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पहले चरण की सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम को 6 बजे खत्म हो गई है। सभी प्रत्याशियों का रिजल्ट आज देर रात तक आ जाएगा। जिले की 122 ग्राम पंचायतों में 804 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। एक ग्राम पंचायत सांपला में निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। जिले में शाम 6 बजे तक 81.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति की एक ग्राम पंचायत नांद के अलावा सावर, पीसांगन, श्रीनगर, सरवाड़, केकड़ी की सभी ग्राम पंचायत में चुनाव हुए। इन 6 पंचायत समितियों के सरपंच और ग्राम पंचायत के पंच उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज हो जाएगा। मतदान की स्थिति : एक नजर सांपला में निर्विरोध निर्वाचित सरवाड़ पंचायत समिति की सांपला ग्राम पंचायत में अर्जुन सिंह राठौड़ निर्विरोध निर्वाचित हुए। यहां पूरी ग्राम पंचायत के वार्ड पंच कैलाश रैगर, कविता बलाई, बन्ना लाल गुर्जर, अकिला बानो, सोनू तेली, हनुमान, रेखा, ओम प्रकाश, रामेश्वर, माया जाट एवं गोपाल लाल जाट भी निर्विरोध निर्वाचित हुए। यहां शेरगढ़ ग्राम पंचायत के सम्पूर्ण वार्ड पंच भागचन्द भील, नन्दू, रामदेव, कविता, रतनी, कस्तूरी, नरेन्द्र, रामेश्वर तथा गोपाल निर्विरोध निर्वाचित हुए। Topics: राजस्थान पंचायत चुनाव