साइबर ठगी के रुपए अपने खाते में मंगवाने वाले अजमेर के एक आरोपी की पुलिस को जानकारी मिली। अजमेर जिले में साइबर ठगी के खिलाफ चल रहे अभियान ‘म्यूल हंटर’ के तहत पुलिस का यह सूचना मिली थी। गंज थाना पुलिस ने एक संदिग्ध बैंक खाते के जरिए हुई साइबर ठगी का खुलासा करते हुए आरोपी युवक के खिलाफ अब मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार- यूको बैंक की बीके कौल नगर कोटड़ा शाखा में संचालित एक खाते में साइबर फ्रॉड की रकम आने की सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि यह खाता सूरज बंजारा निवासी अंबा कॉलोनी संजय नगर (गंज थाना क्षेत्र) के नाम पर है। खाते की जांच करने पर इसमें अब तक करीब 2.73 लाख रुपए का लेन-देन पाया गया। आरोपी लोगों को पार्टटाइम जॉब और ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करके रुपए मंगवाता था। दो राज्यों के पीड़ितों की शिकायत पर की कार्रवाई साइबर पोर्टल 1930 पर दर्ज शिकायतों के आधार पर पता चला कि आरोपी के खाते में दो अलग-अलग मामलों की ठगी की रकम ट्रांसफर हुई है। इसमें तेलंगाना निवासी एक व्यक्ति से पार्टटाइम जॉब के नाम पर ठगी कर 90 हजार रुपए इस खाते में डलवाए गए। वहीं कनार्टक के बेंगलूरु निवासी पीड़ित से ट्रेडिंग के नाम पर ठगी कर 33 हजार 960 रुपए ट्रांसफर कराए गए। इन दोनों मामलों को मिलाकर 1.23 लाख रुपए की ठगी इस खाते से हाल ही की गई। पुलिस का दावा- सीधे आरोपी के खाते में आए रुपए पुलिस जांच में दोनों ट्रांजेक्शन को ‘लेयर-1’ कैटेगरी का पाया गया है, यानी पीड़ित के रुपए सीधे आरोपी के खाते में आए। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत लोगों को पार्टटाइम जॉब और ट्रेडिंग के झांसे में लेकर इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से धोखाधड़ी की और रकम अपने खाते में मंगवाई। गंज थाना पुलिस ने ASI लालसिंह की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।