अजमेर में आरएसी के जवान ने खुद को गोली मार ली। जवान पॉलिटेक्निक कॉलेज में बने चुनावी स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा में तैनात था। कॉन्स्टेबल नरेंद्र गोदारा (31) ने सर्विस राइफल SLR से ठुड्डी पर गोली मार ली। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना सोमवार शाम करीब 5:15 बजे की है। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम को बुलाकर सबूत जुटाए। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया- पॉलिटेक्निक कॉलेज में चुनाव संबंधी स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया है। इसकी सुरक्षा के लिए 9वीं आरएसी टोंक की ए-कंपनी 16 अक्टूबर से तैनात थी। इसी कंपनी में कार्यरत 2018 बैच के कॉन्स्टेबल नरेंद्र गोदारा सोमवार शाम ड्यूटी पर था। कॉन्स्टेबल नरेंद्र 5 बजे ड्यूटी पर आया था। इसके बाद 5:15 बजे उसने अपनी ठुड्‌डी पर गोली मार ली, जो सिर के ऊपर से निकलकर आर-पार हो गई। वहीं गोली की आवाज सुनते ही पास ही दूसरे स्ट्रांग रूम में तैनात जवान ने सबसे पहले देखा था। उसने बाकी अफसरों को घटना की सूचना दी। पत्नी अजमेर पुलिस में कॉन्स्टेबल है जवान साल 2018 बैच में भर्ती हुआ था और अजमेर में किराए के मकान में रहता था। जानकारी के अनुसार- शाम करीब 5 बजे ड्यूटी की शिफ्ट बदलने के दौरान यह घटना हुई। गोली लगने से जवान गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। कॉन्स्टेबल नरेंद्र की पत्नी महिंद्रा भी अजमेर पुलिस में कॉन्स्टेबल है। दोनों 1 महीने पहले अजमेर के भोपों का बाड़ा क्षेत्र में किराए के घर में रहने लगे थे। उन्होंने 5 दिन पहले नई कार ली थी। दोनों के 1 साल की बेटी है। वहीं साडू अजमेर के दरगाह थाने में एएसआई नारायण सिंह है। सूत्रों के अनुसार- नरेंद्र गोदारा के परिवार में उनकी मां और एक बड़ा भाई पंकज गोदारा भी हैं। पंकज ग्वालियर में एयर फोर्स में तैनात हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। उनके पिता की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार मूल रूप से मेड़ता रोड का रहने वाला है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला, एडिशनल एसपी (सिटी) हिमांशु जांगिड़ और आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सबूत जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) और एमओबी (MOB) की टीमों को मौके पर बुलाया गया। एसपी ने बताया - प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। जवान ने यह कदम किन कारणों से उठाया, इसकी जांच की जा रही है। यह खबर भी पढ़ें... सीआई की कनपटी पर लगी गोली:SI से कहा-गाड़ी तैयार रखो, आ रहा हूं, वर्दी पहनते समय सर्विस रिवॉल्वर से हुआ फायर भीलवाड़ा शहर के सदर थाना प्रभारी लोकपाल सिंह मंगलवार शाम अपने घर पर लहूलुहान हालत में मिले। परिजनों के अनुसार, वे थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के लिए निकल रहे थे। इसी दौरान वर्दी पहनते समय अचानक सर्विस रिवॉल्वर से गोली चल गई, जो उनकी कनपटी पर लगी। इसके बाद वे फर्श पर गिर पड़े। (पूरी खबर पढ़ें)