अजमेर के केसरगंज बाजार में देर रात चोरों ने पुलिस गश्त को धता बताते हुए एक साथ तीन दुकानों में चोरी कर ली। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पूरी वारदात केसरगंज पुलिस चौकी से महज 20 मीटर की दूरी पर मुख्य सड़क पर हुई, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। घटना के विरोध में शुक्रवार को केसरगंज व्यापार संघ ने पूरा बाजार बंद रखा और पुलिस के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। क्लॉक टावर थाना पुलिस ने व्यापारियों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। रात 3 बजे आया गैंग, तीन दुकानों को बनाया निशाना देर रात करीब 3 बजे 5 से 6 बदमाशों का एक संगठित गैंग बाजार में पहुंचा। बदमाशों ने पहले इलाके की रेकी की और फिर एक-एक कर तीन दुकानों को निशाना बनाया। इनमें एक मिठाई की दुकान, एक कपड़ों की दुकान और एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम शामिल है। कहीं ताले तोड़े गए तो कहीं शटर को बीच से ऊपर की ओर खींचकर मोड़ दिया गया। दुकान के अंदर लगे कांच के दरवाजों के लॉक भी तोड़ दिए गए और गल्लों में रखी नकदी लेकर आरोपी फरार हो गए। शटर मोड़ने का तरीका देखकर व्यापारी भी हैरान महेश मिष्ठान भंडार के संचालक दीपक खंडेलवाल ने बताया कि चोरों ने ताले नहीं तोड़े। तीन-चार बदमाशों ने मिलकर शटर को बीच से इतना ऊपर खींचा कि उसमें जगह बन गई और उसी रास्ते दुकान के अंदर घुस गए। गल्ले में सुबह के कारोबार के लिए रखे करीब 15 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। स्कूल फीस के लिए रखे 60 हजार रुपए भी ले गए केसरगंज व्यापार संघ के अध्यक्ष जय गोयल ने बताया कि उनकी दुकान से करीब 55 से 60 हजार रुपए चोरी हुए हैं। यह रकम बच्चों की स्कूल फीस जमा कराने के लिए रखी गई थी। उन्होंने कहा कि केसरगंज को अजमेर का दिल कहा जाता है। यहां रेलवे स्टेशन, पुलिस चौकी और मुख्य बाजार एक-दूसरे से चंद कदम की दूरी पर हैं। यदि बाजार से कोई सीटी भी बजाए तो चौकी तक आवाज पहुंच जाती है, लेकिन इसके बावजूद 8-10 बदमाश आराम से वारदात कर चले गए और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। एक महीने में 7 से 8 चोरी, फिर भी नहीं बढ़ी सुरक्षा स्थानीय निवासी और पूर्व पार्षद नितिन जैन ने बताया कि पिछले एक महीने में केसरगंज क्षेत्र में 7 से 8 चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। कई छोटे मामलों में लोग रिपोर्ट तक दर्ज नहीं कराते। उनका कहना है कि चोरों का तरीका हर बार लगभग एक जैसा रहता है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस उन्हें पकड़ नहीं सकी। उन्होंने क्षेत्र में रात की गश्त बढ़ाने और बदमाशों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। बाजार बंद, पुलिस के खिलाफ फूटा गुस्सा घटना की जानकारी मिलते ही शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए। व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध स्वरूप पूरे केसरगंज बाजार को बंद रखा। व्यापारियों का कहना है कि जब तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का भरोसा नहीं देती, उनका विरोध जारी रहेगा। पुलिस ने शुरू की जांच मामले की सूचना पर क्लॉक टावर थाना प्रभारी भीखाराम काला पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।