गोरखपुर-यूपी के गुलरिहा थाना क्षेत्र से करीब 2 साल पहले लापता 9वीं का छात्र अजमेर में मिला। गुलरिहा थाने में 3 सितंबर 2024 को गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस टीम छात्र की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने जब जांच पड़ताल की तो राजस्थान के अजमेर की लोकेशन मिली। इसके बाद वहां की पुलिस से बातचीत कर टीम अजमेर पहुंची, यहां आने पर पता चला कि छात्र एक होटल में काम करता है। पुलिस छात्र को लेकर गोरखपुर गई और शुक्रवार दोपहर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि वह यूट्यूबर 'इंडियन हैकर' का फैन है। उसकी वीडियो ज्यादा देखता था। वह राजस्थान के अजमेर में ही रहता है। उससे ही मिलने के लिए वह घर से निकला था। राजस्थान जाने के बाद जब उससे नहीं मिल पाया तो एक होटल में काम करने लगा। जानिए पूरा मामला … गुलरिहा थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति का 15 साल का छोटा बेटा 3 सितंबर 2024 को सुबह स्कूल के लिए निकला और फिर वापस नहीं लौटा। परिवार वालों ने काफी देर तक तलाश किया। स्कूल और रिश्तेदारों से पूछताछ की, लेकिन कोई पता नहीं चला। जिसके बाद वे पूरी तरह घबरा गए। शाम को थाने पहुंच कर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। तहरीर में उन्होंने किडनैपिंग की आशंका जताई थी। जानकारी के मुताबिक एक दिन पहले ही पिता ने उसको पढाई के लिए फटकार लगाई थी। जिससे वह बहुत ज्यादा नाराज हो गया था। रात में खाना भी नहीं खा रहा था। मां के बहुत मनाने के बाद खाना खा कर सो गया। सुबह उठकर चुपचाप स्कूल के लिए तैयार हुआ। नाश्ता किया, लंच लिया और निकल गया। स्कूल से नहीं लौटा तो बढ़ी चिंता सब लोग यही सोच रहे थे कि पढ़ने गया है। लेकिन स्कूल की छुट्टी के बहुत देर बाद तक वह घर नहीं लौटा। परिवार वाले आसपास उसकी तलाश किए। स्कूल जाकर पता किया तो पता चला कि स्कूल पहुंचा ही नहीं था। किडनैपिंग की आशंका थी माता- पिता ने दोस्तों और रिश्तेदारों के घर भी पूछताछ की लेकिन बेटे का कहीं पता नहीं चला। जिसके बाद उन्हें किडनैपिंग का डर हुआ। परिजनों ने उसी शाम गुलरिहा थाने पहुंच कर FIR दर्ज कराई। तभी से पुलिस उसके तलाश में जुटी थी। हर सुराग खंगालने की कोशिश की गई लेकिन कुछ पता नहीं चला। 10 दिन पहले फेसबुक पर पिता ने देखा फोटो जानकारी के मुताबिक के करीब 10 दिन पहले नाबालिग के पिता ने फेसबुक पर एक पोस्ट में बेटे को देखा। उन्होंने तुरंत इसकी जानकरी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत एक्टिव हो गई। सर्विलांस की मदद से उस आईडी का लोकेशन पता करने की कोशिश की। छानबीन में राजस्थान के अजमेर की लोकेशन आई। पुलिस ने पहले फोन से संपर्क करने की कोशिश की। काफी कोशिशों के बाद भी जब संपर्क नहीं हो पाया तो एक टीम अजमेर के लिए निकली। पुलिस की टीम अजमेर पहुंची टीम ने अजमेर पहुंचने के बाद फोटो की मदद से गहराई से खोजबीन की गई। तो एक होटल की लोकेशन मिली। पुलिस जब उस होटल पहुंची तो नाबालिग वहीं काम करता हुआ दिखाई दिया। लोकल पुलिस की मदद उसे बरामद किया गया। कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने परिजनों की बात करवाई। उसके बाद शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे पुलिस उसे लेकर गोरखपुर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया।