अजमेर में दोस्त को गाली देने से रोकने पर युवक और उसके साथियों ने 10वीं के स्टूडेंट की हत्या कर दी। 10 से 12 लड़कों ने स्टूडेंट पर जमकर लात-घूंसे बरसाए, जिससे उसकी नाक पर गंभीर चोट लग गई थी। घटना रामगंज थाना क्षेत्र की 7 अक्टूबर की है। स्टूडेंट की गुरुवार रात मौत हुई। थाना प्रभारी हरिपाल सिंह ने बताया- अजय नगर निवासी रोहित कुमार (17) पुत्र राकेश कुमार की हत्या की गई। विजय सिंह ने बताया कि 7 अक्टूबर को उनका भतीजा रोहित अपने दोस्त के साथ जन्मदिन पार्टी में गया था। वहां एक दोस्त का मनोज नाम के युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि मनोज ने गाली-गलौज की। इस पर रोहित ने उसे गाली देने से रोका था। इस बात पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कुछ समय बाद मनोज अपने 10 से 12 साथियों के साथ भगवानगंज चौराहे पर पहुंचा और रोहित पर हमला कर दिया। लात-घूंसों से उसे जमकर पीटा। उसके दोस्तों से भी मारपीट की गई। मारपीट के बाद रोहित ने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। पिता घायल बेटे को लेकर रामगंज थाने पहुंचे, जहां से पुलिस ने उसे JLN हॉस्पिटल में भर्ती कराया। पिता की शिकायत पर पुलिस ने 8 अक्टूबर को मारपीट सहित अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। नाक का ऑपरेशन हुआ, छुट्टी के दो दिन बाद फिर बिगड़ी तबीयत विजय सिंह के अनुसार- मारपीट में रोहित की नाक पर गंभीर चोट आई थी। इसके चलते 13 अक्टूबर को उसका जेएलएन हॉस्पिटल में ऑपरेशन हुआ। ऑपरेशन के बाद 14 अक्टूबर को उसे छुट्टी दे दी गई और परिवार उसे घर ले आया। 14 अक्टूबर की रात रोहित के पेट में अचानक तकलीफ होने लगी। इसके बाद 15 अक्टूबर की सुबह उसे फिर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान गुरुवार रात करीब 10 बजे उसकी मौत हो गई। अब हत्या की धारा जोड़कर जांच कर रहे रोहित के पिता मजदूरी करते हैं। मां भी सदमे में है। रोहित की एक तीन साल की छोटी बहन है। परिजनों ने मामले में आरोपियों के खिलाफ जल्द और सख्त कार्रवाई की मांग की है। रामगंज थाना प्रभारी हरिपाल सिंह ने बताया कि रोहित के पिता की शिकायत पर 8 अक्टूबर को मारपीट और SC-ST का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में अब हत्या की धारा जोड़ी गई है।