बिहार ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए 17 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को कप्तानी सौंपी गई है। टीम में पहली बार विकेटकीपर-बल्लेबाज अनमोल कुमार को भी जगह मिली है, जिन्होंने अंडर-19 क्रिकेट में 86 गेंदों पर 184 रन की पारी खेलकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था। सूरज कश्यप को उपकप्तान बनाया गया है। बिहार क्रिकेट संघ की चयन समिति ने 6 नवंबर को बैठक के बाद टीम चुनी। इससे पहले 4 से 6 नवंबर तक खिलाड़ियों के ट्रायल हुए। बिहार को अपने सभी मुकाबले इंदौर में खेलने हैं। टीम टूर्नामेंट के शुरुआती दो मैचों में 14 नवंबर को सौराष्ट्र और उसके बाद रेलवेज का सामना करेगी। 4 साल की उम्र में बल्ला पकड़ा, पिता ने घर के पास पिच बनवाई वैभव का जन्म 27 मार्च 2011 को बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर में हुआ। वैभव 4 साल की उम्र से क्रिकेट खेलने लगे थे। शुरुआत में उनके पिता संजीव ने घर के पास ही अभ्यास के लिए पिच और नेट बनवाया। 12 साल में रणजी डेब्यू वैभव को पहली बड़ी पहचान 2023 की वीनू मांकड़ ट्रॉफी में मिली। यह अंडर-19 स्तर का घरेलू टूर्नामेंट है। उन्होंने बिहार की ओर से 5 पारियों में 393 रन बनाए, जिसमें हरियाणा के खिलाफ शतक भी शामिल था। इ जनवरी 2024 में उन्हें बिहार की रणजी ट्रॉफी टीम में जगह मिली। मुंबई के खिलाफ डेब्यू करते समय उनकी उम्र 12 साल 284 दिन थी। रणजी ट्रॉफी भारत का घरेलू प्रथम श्रेणी टूर्नामेंट है, जिसमें चार दिन या उससे अधिक समय तक चलने वाले मुकाबले खेले जाते हैं। उसी साल नवंबर में उन्होंने बिहार के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में टी-20 डेब्यू किया। दिसंबर 2024 में विजय हजारे ट्रॉफी के जरिए लिस्ट-A क्रिकेट में पहला मैच खेला। लिस्ट-A क्रिकेट 50 ओवर का घरेलू या अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट होता है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 58 गेंदों में शतक ने बदली पहचान सितंबर 2024 में वैभव को भारत की अंडर-19 टीम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने का मौका मिला। चेन्नई में खेले गए यूथ टेस्ट में उन्होंने 58 गेंदों पर शतक लगाया। यह भारत की ओर से यूथ टेस्ट में सबसे तेज शतक है। उन्होंने उस पारी में 104 रन बनाए। इसके बाद UAE में खेले गए 2024 अंडर-19 एशिया कप में UAE के खिलाफ 46 गेंदों पर 76 और श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में 36 गेंदों पर 67 रन की पारियां खेलीं। 13 साल की उम्र में राजस्थान रॉयल्स ने 1.1 करोड़ रुपए में खरीदा वैभव की बल्लेबाजी पर IPL टीमों की नजर भी इसी दौरान गई। नवंबर 2024 में सऊदी अरब के जेद्दा में हुए IPL 2025 मेगा ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 1.1 करोड़ रुपए में खरीदा। उस समय उनकी उम्र 13 साल थी। वह IPL ऑक्शन में शामिल होने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। 14 साल में IPL डेब्यू और तीसरे मैच में शतक वैभव ने 19 अप्रैल 2025 को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ IPL डेब्यू किया। उस समय उनकी उम्र 14 साल 23 दिन थी। वह IPL इतिहास के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर उन्होंने अपने खेलने का अंदाज दिखा दिया। लेकिन असली चर्चा 28 अप्रैल 2025 को गुजरात टाइटंस के खिलाफ हुई। जयपुर में खेले गए मुकाबले में राजस्थान को 210 रन का टारगेट मिला था। वैभव ने सिर्फ 38 गेंदों पर 101 रन बना दिए। उनकी पारी में 7 चौके और 11 छक्के थे। उन्होंने 35 गेंदों में शतक पूरा किया। राजस्थान ने 15.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 8 विकेट से मैच जीता। इस पारी के साथ वह पुरुषों के टी-20 क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बने। उनका 35 गेंदों का शतक IPL इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक और किसी भारतीय बल्लेबाज का सबसे तेज शतक था। इससे पहले भारतीयों में यूसुफ पठान ने 2010 में 37 गेंदों पर शतक लगाया था। 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप में फाइनल के हीरो बने वैभव के करियर की एक और बड़ी उपलब्धि फरवरी 2026 में आई। भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हराकर खिताब जीता। इस मुकाबले में वैभव ने 80 गेंदों पर 175 रन बनाए। उनकी पारी में 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। उन्होंने सिर्फ 32 गेंदों में अर्धशतक और उसके बाद 23 गेंदों में अगला अर्धशतक पूरा किया। 175 रन अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। 15 साल में भारतीय टीम में जगह अंडर-19 वर्ल्ड कप के बाद वैभव को भारत की सीनियर टी-20 टीम में भी मौका मिला। उन्होंने 4 जुलाई 2026 को इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में टी-20 डेब्यू किया। उस समय उनकी उम्र 15 साल 99 दिन थी। वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। इसके बाद जुलाई में जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले T20I में उन्होंने 19 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। वह पुरुषों के टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बने। इस सीरीज में उन्होंने 3 मैचों में 151 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए। इंडिया-A के लिए 11 गेंदों में अर्धशतक जून 2026 में श्रीलंका में खेली गई इंडिया-A, श्रीलंका-A और अफगानिस्तान-A की ट्राई सीरीज के फाइनल में वैभव ने एक और रिकॉर्ड बनाया। श्रीलंका-A के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों पर 94 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड बना। उनकी पारी में 10 चौके और 8 छक्के शामिल थे। भारत-A ने मुकाबला 66 रन से जीता। IPL 2026 में ऑरेंज कैप जीतकर बने सीजन के सबसे बड़े रन स्कोरर वैभव ने 2026 IPL में राजस्थान रॉयल्स के लिए 16 मैचों में 776 रन बनाए। उनका औसत 48.50 और स्ट्राइक रेट 237.30 रहा। वह टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने और ऑरेंज कैप जीती। उनके बाद शुभमन गिल ने 732 और साई सुदर्शन ने 722 रन बनाए।