अजमेर में शुक्रवार को अपराध और हादसे से जुड़ी दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। आदर्श नगर थाना क्षेत्र में नसीराबाद रोड पर चोरों ने एक ही रात में दो दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और सामान चुरा लिया। एक दुकान से संचालक की बेटी की गुल्लक भी ले गए, जिसमें 10 से 12 हजार रुपए रखे थे। दोनों दुकानदारों के मुताबिक, वारदात में करीब 35 से 40 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं, जेएलएन अस्पताल की इमरजेंसी के गेट पर शुक्रवार सुबह पत्थर गिरने से बड़ा हादसा टल गया। पत्थर की चपेट में आने से वहां से गुजर रहे मरीज के परिजन जगदीश के पैर में चोट लग गई। उन्हें इमरजेंसी में उपचार दिया गया। नसीराबाद रोड पर चोरी, गल्ले के साथ बेटी की गुल्लक भी ले गए चोर आदर्श नगर थाना क्षेत्र में सैटेलाइट अस्पताल चौराहे के पास चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाया। स्टेशनरी दुकान संचालक को रात करीब 3:30 बजे गार्ड ने फोन कर ताले टूटने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर शटर के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा हुआ था। चोर गल्ले में रखी नकदी और बेटी की गुल्लक चुरा ले गए। गुल्लक में 10 से 12 हजार रुपए जमा थे, जिसे परिवार हर साल दिवाली पर खोलता था। दूसरी दुकान से बीड़ी-सिगरेट, गुटखा, करीब ढाई हजार रुपए नकद और 5 से 7 किलो तांबे का तार चोरी हुआ। दोनों दुकानदारों ने रात्रि गश्त पर सवाल उठाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। आदर्श नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। JLN अस्पताल की इमरजेंसी के गेट पर गिरा पत्थर, परिजन के पैर में चोट अजमेर के जेएलएन अस्पताल में शुक्रवार सुबह इमरजेंसी के गेट पर पत्थर गिरने से हादसा हो गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे मरीज के परिजन जगदीश के पैर में चोट लग गई। उन्हें तुरंत इमरजेंसी में उपचार दिया गया। जगदीश अपने जीजा को देखने अस्पताल आए थे। उनका कहना है कि अगर वे थोड़ी दूरी पर नहीं होते तो गंभीर चोट लग सकती थी। गेट पर पत्थर गिरने की घटना से अस्पताल परिसर में सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।