अजमेर में मंगलवार सुबह से मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में तेज बरसात का दौर देखने को मिला। सुबह के समय करीब आधे घंटे तक जिले के कई हिस्सों में तेज हवा के साथ जोरदार बारिश हुई। हालांकि इसके बाद भी रुक-रुक कर हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे पूरे शहर का मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह स शाम 6 बजे तक 16 एमएम बारिश दर्ज की गई। अचानक बदले मौसम के कारण शहर की सड़कों पर सिर्फ वाहन ही नजर आए,वाहन चालकों को दिन में ही लाइट जलाकर गाड़ी चलानी पड़ी। बारिश और तेज ठंडी हवाओं के चलते अजमेर वासियों को भीषण गर्मी से राहत मिली। तेज हवा के कारण मौसम में ठंडक का अहसास हुआ, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग ने आगामी समय में भी इसी तरह मौसम बने रहने की संभावना जताई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।