चित्तौड़गढ़ में एक युवती को जबरन जहर खिलाने का मामला सामने आया है। इस पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। मामला निम्बाहेड़ा रोड स्थित तुलसी एन्क्लेव कॉलोनी के 18 जुलाई का है। जिसे गंभीर हालात में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इस मामले में नया माेड आया है, अब पुलिस हत्या के प्रयास की जांच करेगी। पुलिस ने पहले बहन की रिपोर्ट पर मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था। लेकिन पीड़िता की हालात लगातार बिगड़ने और वेंटिलेटर पर रहने के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास की धाराएं जोड़ दी है। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की इसी एंगल से जांच करेगी। मारपीट के बाद जबरन जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप एसपी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि राशमी थाना क्षेत्र के सांखली गांव निवासी सोनिया कीर ने 21 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसकी बड़ी बहन चंदा निम्बाहेड़ा रोड स्थित तुलसी एन्क्लेव कॉलोनी में किराये के मकान में रहती है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि 18 जुलाई की दोपहर करीब 2 बजे मदनलाल जाट, प्रहलाद जाट और भावना शर्मा उसकी बहन के घर पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने पहले उसका मोबाइल बंद कर दिया, फिर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उसे जबरन कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया। रिपोर्ट के अनुसार बाद में वही लोग उसे इलाज के लिए पहले बिरला हॉस्पिटल और हालत बिगड़ने पर रात में सांवलियाजी हॉस्पिटल लेकर गए। जहां से उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल युवती उदयपुर के एक निजी हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती है और वेंटिलेटर पर उसका इलाज चल रहा है। हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी इस मामले में बुधवार को पीड़िता की बहन ने पुलिस को बताया कि युवती की हालत बेहद गंभीर है और वह वेंटिलेटर पर है। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ दी। अब पूरे मामले की जांच इसी आधार पर की जा रही है कि क्या युवती को जान से मारने की नीयत से जहरीला पदार्थ दिया गया था। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट, हॉस्पिटल के रिकॉर्ड और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। एसपी बोले- सभी पहलुओं की जांच जारी जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने बताया- पीड़िता की बहन की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से साक्ष्य जुटा रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी जांच प्रारंभिक चरण में है, इसलिए किसी एक कारण या निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटनास्थल पर क्या हुआ, हॉस्पिटल तक युवती को कौन लेकर गया और मेडिकल जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं। जांच पूरी होने के बाद सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल पीड़िता हॉस्पिटल में है और इलाज चल रहा हैं।