उदयपुर जिले में पति के शराब के नशे में झगड़ा करने पर पत्नी ने ईंट से हमला कर हत्या कर दी। जिले के झाड़ोल थाना क्षेत्र के हरणिया खेड़ा, गोराना में बुधवार देर रात यह वारदात हुई। घटना के समय घर में दोनों पति-पत्नी ही मौजूद थे। वहीं उनके बेटे दूसरे घर में रहते हैं। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी वृद्ध महिला को हिरासत में ले लिया। झाड़ोल थानाधिकारी करणाराम ने बताया- हरणिया खेड़ा गोराना निवासी उदयलाल कटेरिया (62) पिता सवा कटेरिया ने अपनी पत्नी भेरकीबाई कटेरिया के साथ देर रात शराब पी। शराब पीने के दौरान उदयलाल द्वारा ज्यादा गाली-गलौच किए जाने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इस आवेश में आई भेरकीबाई ने कमरे के पास रखी ईंट उठाकर उदयलाल के सिर पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने से उदयलाल की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह परिजनों ने दी सूचना सुबह घटना का पता चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी वृद्ध महिला भेरकीबाई को डिटेन कर लिया। आरोपी महिला भेरकीबाई ने प्राथमिक पूछताछ में हमले के चलते हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने झाड़ोल अस्पताल की मॉर्च्युरी में शव को रखवाया है। परिजनों की सहमति मिलने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। इनपुट- दुष्यंत पूर्बिया, झाड़ोल