अजमेर में 28 वर्षीय युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर रेप करने, नशीला पदार्थ पिलाकर जबरन संबंध बनाने और विरोध करने पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। युवती का आरोप है कि युवक के परिजनों ने भी 15 लाख रुपए नकद, गाड़ी और जेवरात की मांग की। बाद में युवक शादी से मुकर गया और 29 सितंबर को भारत से अफ्रीका चला गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने युवक और उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 7-8 दिन में गिफ्ट देने लगा, फिर शादी का प्रस्ताव रखा पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जनवरी 2026 में इंस्टाग्राम पर एक युवक का मैसेज आया था। उसने दोस्ती की बात कही और करीब सात-आठ दिन बाद गिफ्ट देने लगा। शुरुआत में युवती ने ऐतराज जताया, लेकिन युवक दोस्ती की बात कहता रहा। इसके बाद दोनों की मुलाकातें होने लगीं। करीब दो-तीन महीने बाद युवक ने प्यार का इजहार करते हुए शादी का प्रस्ताव रखा। घरवालों से मिलवाया, फिर 15 लाख रुपए और गाड़ी की मांग का आरोप... युवती के मुताबिक, युवक उसे एक पारिवारिक कार्यक्रम में ले गया, जहां उसने अपने परिजनों से मिलवाया। इसके बाद दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए। मई में युवती युवक के घर गई तो वहां पर उसके परिजनों ने 15 लाख रुपए नकद, गाड़ी, सोने-चांदी के जेवरात और एसी की मांग की। युवती ने असमर्थता जताई तो कथित तौर पर उसे जातिसूचक गालियां दी गईं और बेइज्जत कर घर से निकाल दिया गया। युवती ने युवक पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। इस घटना के बाद युवती की मानसिक स्थिति बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। रिसॉर्ट में नशीला पदार्थ पिलाकर रेप का आरोप पीड़िता के अनुसार, विवाद के बाद युवक ने परिजनों को मनाने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि वह युवती को फॉयसागर स्थित एक रिसॉर्ट में ले गया, जहां नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद 24 जून को एक कैफे में दोनों पक्षों के परिचितों की मौजूदगी में सगाई का कार्यक्रम हुआ। मोबाइल में दूसरी युवतियों से अश्लील चैट मिली, विरोध पर मारपीट पीड़िता ने आरोप लगाया कि जुलाई में युवक उसे दोबारा एक होटल में लेकर गया। वहां युवती ने उसका मोबाइल चेक किया तो दूसरी महिलाओं और युवतियों के साथ शारीरिक संबंध बनाने से जुड़ी अश्लील चैट मिलीं। विरोध करने पर युवक ने उसके साथ मारपीट की और जबरन संबंध बनाए। युवती ने रिपोर्ट में मानसिक तनाव और आत्महत्या का प्रयास करने की बात भी बताई है। घर आकर रिश्ता तोड़ा, अहमदाबाद पहुंचकर फोन उठाना बंद किया युवती के अनुसार, बाद में युवक अपने एक दोस्त के साथ उसके घर आया और परिजनों के सामने रिश्ता खत्म करने की बात कह दी। इसके बाद वह अहमदाबाद चला गया और फोन उठाना बंद कर दिया। सितंबर में मुलाकात के दौरान उसने 1 अक्टूबर को सरप्राइज देने की बात कही, लेकिन आरोपी 29 सितंबर को ही भारत से अफ्रीका चला गया। पीड़िता का आरोप है कि अफ्रीका पहुंचने के बाद युवक ने फोन पर उसे धमकाया और संबंध रखने से इनकार कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवक और उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।