अजमेर में एक युवती की शिकायत पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण, मारपीट, दहेज मांगने, धोखाधड़ी, आपराधिक धमकी तथा एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने बताया कि 2021 में उसकी पहचान एक ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए युवक से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि कुछ समय बाद युवक उससे मिलने आया और होटल में शादी का भरोसा देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। संपर्क तोड़ने पर शादी का वादा किया घटना के बाद उसने संपर्क तोड़ दिया, लेकिन युवक ने माफी मांगते हुए शादी का वादा किया, जिसके बाद दोनों के बीच फिर से संपर्क हो गया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद युवक लगातार शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो युवक उसे अपने घर ले गया, जहां उसके परिजनों ने शादी के बदले 20 लाख रुपए नकद और चार तोला सोना देने की मांग रखी। रकम देने में समर्थ नहीं होने की कहने पर शादी से इनकार कर दिया गया। इसके बावजूद युवक ने खुद शादी कराने का भरोसा देकर उसे विश्वास में बनाए रखा। दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहे आरोप है कि 2025 में दोनों कुछ समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे। इस दौरान युवक का व्यवहार हिंसक हो गया और वह आए दिन मारपीट करता था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि युवक उसके कार्यस्थल पर पहुंच गया, वहां उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और सहकर्मियों के सामने अपमानित किया। इससे मानसिक रूप से परेशान होकर उसे नौकरी छोड़नी पड़ी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि युवक ने शादी के लिए पहले पति से तलाक लेने का दबाव बनाया। शादी के भरोसे में उसने तलाक ले लिया, लेकिन इसके बाद भी युवक शादी टालता रहा। बाद में कोर्ट मैरिज का झांसा देकर दूसरे शहर ले गया, जहां होटल में उसके साथ मारपीट की और पेट में लात मारकर शादी से इनकार कर दिया। शादी के बाद भी पत्नी नहीं माना पीड़िता का आरोप है कि पुलिस में शिकायत की बात कहने पर युवक ने समझौता किया और बाद में एक घाट पर सीमित लोगों की मौजूदगी में शादी की, लेकिन इसके बाद भी उसे पत्नी के रूप में स्वीकार नहीं किया। शिकायत करने पर आत्महत्या की धमकी पीड़िता ने आरोप लगाया कि अब युवक उस पर उल्टे झूठे आरोप लगा रहा है, रिश्ता खत्म करने का दबाव बना रहा है और पुलिस में शिकायत करने पर आत्महत्या की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। उसने यह भी आरोप लगाया कि युवक के परिजन उसे बहू के रूप में स्वीकार नहीं कर रहे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी, मारपीट, आपराधिक धमकी तथा एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।