अजमेर जिले के में 21 साल की युवती के साथ बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। दो आरोपियों ने शौच करने गई पीड़िता को बंधक बनाया और एक खाली मकान में ले जाकर रेप किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस में दी रिपोर्ट में बताया कि वह रात करीब 8 बजे शौच के लिए घर से बाहर गई थी। लौटते समय रास्ते में दो युवकों ने उसे पकड़ लिया और मुंह पर कपड़ा बांधकर पास के एक खाली मकान में ले गए। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उसे चाकू दिखाकर धमकाया और पूरी रात बंधक बनाए रखा। इस दौरान एक आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि दूसरा उसे पकड़े रहा। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ लकड़ी से मारपीट भी की, जिससे उसके शरीर पर चोट के निशान आए हैं। सुबह करीब 5 बजे आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए। डर के कारण पीड़िता ने पहले परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी, लेकिन बाद में हिम्मत जुटाकर परिजनों के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।