ब्यावर शहर के अजमेरी गेट क्षेत्र में मंगलवार को एक मकान के जीर्णोद्धार कार्य के दौरान दीवार गिरने से एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य श्रमिक घायल हो गए। घटना के बाद मृतक के परिजन मुआवजे की मांग को लेकर अड़े हुए हैं। जानकारी के अनुसार, अजमेरी गेट स्थित कैलाश गहलोत पुत्र स्व. प्रेमसिंह माली के नोहरे में बने मकान में पिछले कई दिनों से मरम्मत का काम चल रहा था। मंगलवार को रसोई की एक दीवार तोड़ी जा रही थी, तभी वह अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से वहां काम कर रहा श्रमिक हॉकम पुत्र लाला मेहरात (35) मलबे के नीचे दब गया। मौके पर मौजूद अन्य श्रमिकों और आसपास के लोगों ने तुरंत हॉकम को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल हॉकम को तत्काल ब्यावर के राजकीय अमृतकौर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस हादसे में श्रमिक विक्रम पुत्र हरिसिंह रावत (40) और श्रवण पुत्र गुलाब (55) भी घायल हुए। उन्हें अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। मृतक हॉकम अपने पीछे तीन बच्चों का परिवार छोड़ गया है, जिसमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। घटना के बाद से परिजनों में गहरा शोक है। उन्होंने मकान मालिक और ठेकेदार से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है। इधर, सूचना मिलने पर सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस पोस्टमार्टम करवाने की कोशिश कर रही है, लेकिन परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं। इस कारण अभी तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।