शहर में ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजित भगवान परशुराम जन्म महोत्सव के तहत बुधवार को संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। यह धार्मिक कार्यक्रम अजमेरी गेट पर हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में सनातनी श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम के जयकारे लगाए और बालाजी महाराज का गुणगान किया। रात के शांत वातावरण में "मंगल भवन अमंगल हारी..." की गूंज ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ देशवाली ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा और महोत्सव संयोजक हंसराज शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर किया। इसके बाद पंडित सुरेश उपाध्याय ने "आओ जी गजानन आओ..." भजन के माध्यम से भगवान गणेश का आह्वान किया। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से रामायण की चौपाइयों का गायन करते हुए सुंदरकांड पाठ में भाग लिया। सह संयोजक सुमित सारस्वत, संजय पाराशर, मुकेश शर्मा, धीरज शर्मा, ब्रजकिशोर शर्मा, लोकेश उपाध्याय, राजीव मिश्रा, कुंजबिहारी शर्मा और चेतन शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने बालाजी का दरबार सजाया। उन्होंने श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर और भगवा दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। सुंदरकांड पाठ के उपरांत पवन पुष्करी, विजय शर्मा और मुकेश चक्रधारी ने भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु भक्तिरस में डूबकर झूम उठे। कार्यक्रम में रामकृष्ण सत्संग मंडल अध्यक्ष कैलाश मूंदड़ा, पूर्व सभापति नरेश कनौजिया, 7 जालान, प्रवीण जैन, सतीश गर्ग, मंगत सिंह मोनू, पवन दगदी, संजय गहलोत सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों और श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ अर्जित किया। महोत्सव के अंतर्गत गुरुवार को केसरीनंदन गार्डन में युवतियों और महिलाओं के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें मेहंदी एवं मांडना प्रतियोगिता, अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी वस्तु निर्माण, नृत्य और लघु नाटिका शामिल हैं। वहीं, शुक्रवार को कराओके गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।