आवासन मंडल के सेक्टर-2 स्थित पानी की टंकी पर एक बार फिर काफला बाजार निवासी मनोज सैनी के चढ़ने से बुधवार को हंगामे की स्थिति बन गई। मनोज दोपहर करीब 3 बजे टंकी पर चढ़ गया। उसने आरएसी के एक जवान पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। उसने कहा कि कार्रवाई नहीं हो रही है। सूचना पर पुरानी टोंक थाना पुलिस, तहसीलदार, नगर परिषद और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब तीन घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान टंकी के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। शाम 6 बजे के आस-पास पत्नी की समझाइश के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंची। शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने का लगाया आरोप : टंकी पर चढ़े मनोज ने आरोप लगाया कि उसने आरएसी जवान के खिलाफ पुलिस में शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसी बात को लेकर उसने हंगामा किया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार अजितपाल यादव और पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए दमकल और सिविल डिफेंस की टीम को भी बुलाया गया। बाद में तहसीलदार और पुलिस ने युवक की पत्नी को मौके पर बुलाया। पत्नी की समझाइश के बाद मनोज टंकी से नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। तीन महीने में दूसरी बार टंकी पर चढ़ा : स्थानीय लोगों के अनुसार मनोज इससे पहले भी पानी की टंकी पर चढ़ चुका है। पिछले तीन महीने में यह दूसरी घटना बताई जा रही है।