वनकर्मियों पर हमले और सरकारी संपत्ति छीनने के मामले में 7 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। 3 हमलावर पहले पकड़े जा चुके है। करीब 40 से 50 लोगों ने वन विभाग की टीम को रास्ते में रोककर घेरा था। इसके बाद लाठी-डंडों से वार किया था। एक ही गांव के हैं सभी आरोपी एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि मामला 17 जनवरी की रात का है। 18 जनवरी को वन विभाग की टीम ने अकबरपुर थाने में 22 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया। अब पुलिस ने 7 आरोपियों धोलाराम, राजेश उर्फ राजू, राकेश गुर्जर उर्फ मोटा, मुखराम, सीताराम उर्फ सीतो, रामखिलाड़ी उर्फ सांडा और रूपराम को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी काली खोल गांव के हैं। ये था मामला एसपी ने बताया कि 17 जनवरी की रात करीब 10 बजे वन विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि काली खोल गांव के पास कुछ लोग जंगल से हरे पेड़ों की अवैध कटाई कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ले जा रहे हैं। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी ट्रैक्टर लेकर अपने घरों की ओर भाग गए। टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली और लकड़ियों को जब्त कर लिया। वन विभाग की टीम जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को लेकर लौट रही थी। तब रास्ते में करीब 40 से 50 लोगों ने एकजुट होकर टीम को घेर लिया। आरोपियों ने पहले रास्ते में पत्थर डालकर अवरोध पैदा किया और फिर लाठी-डंडों से वनकर्मियों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में कई वनकर्मी घायल हो गए। आरोपियों ने जबरदस्ती ट्रैक्टर-ट्रॉली को छीन लिया और मौके से फरार हो गए। आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में थानाधिकारी सीमा सिनसिनवार के साथ हेड कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश, हेड कॉन्स्टेबल राकेश और कॉन्स्टेबल लखमेन्द्र थे।