अलवर में तिजारा विधायक महंत बालक नाथ योगी ने कहा- विदेशों में बैठकर कुछ ताकतें हमारे देश के अंदर लोगों को मोहरा बना रही है। वहीं देश तोड़ने का काम करती हैं। अलवर में निकली ध्वज यात्रा में उन्होंने यह कहा। विधायक महंत बालक नाथ ने कहा- चाहे धर्म परिवर्तन का विषय हो या गो-तस्करी, विदेशी ताकतों को इस तरह के धार्मिक कार्यक्रमों से स्पष्ट संदेश देने का काम किया जाता है। उन्होंने कहा- इस यात्रा के माध्यम से उन लोगों को संदेश देना है कि हमारे भारत में चाहे किसी भी दूर-दराज ढाणी में रहने वाला परिवार हो या कोई गरीब परिवार, उसे संबल देना है। साथ ही यह बताना है कि सनातन धर्म को मानने वाले लोग हमेशा उनके साथ खड़े हैं। अलवर में 12वीं ध्वज यात्रा शहर के मुख्य बाजारों से निकाली गई। यह बाजारों से होते हुए मोतीडूंगरी हनुमान जी मंदिर पहुंची। यात्रा शुरू होने से पहले फल-सब्जी मंडी में धर्मसभा का आयोजन भी किया गया। महंत बालक नाथ योगी ध्वज लेकर चले विधायक महंत बालक नाथ योगी ने कहा- यह धार्मिक यात्रा समाज की एकजुटता और सुरक्षा के लिए निकाली जाती है। जब उनसे सवाल किया गया कि बीजेपी सरकार होने के बावजूद रक्षा की जरूरत क्यों है, तो महंत बालक नाथ योगी ने कहा- सरकार अपना काम कर रही है, लेकिन गलत विचार वाले लोग और अपराधी अपनी गतिविधियां जारी रखते हैं। धर्म परिवर्तन कराने वाले और गो-तस्कर भी सक्रिय रहते हैं, इसलिए समाज को हमेशा सतर्क और तैयार रहना चाहिए। इस दौरान महंत बालक नाथ योगी मुख्य ध्वज हाथ में लिए यात्रा का नेतृत्व करते नजर आए। कई झांकियां हुईं शामिल भगवा रैली में गो माता और लव जिहाद से जुड़ी झांकियां सजाई गईं। इसके बाद वीर बाहुबली की झांकी ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं भगवान रामजी, लक्ष्मण और माता सीता की झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा के दौरान श्रद्धालु जय श्रीराम के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे।