अलवर नगर निगम के 65 वार्डों की वोटिंग के बाद कांग्रेस के प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी की गई है। सभी जयपुर के पास रिसोर्ट में हैं। जो सुबह शाम आरती कर रहे हैं। क्रिकेट खेल रहे हैं। इन सभी के वीडियो भी सामने आए हैं। वहीं, बीजेपी के प्रत्याशी उत्तराखंड गए हुए हैं। बीजेपी की बाड़ेबंदी से अभी तक कोई वीडियो सामने नहीं आया है। अलवर शहर विधानसभा से कांग्रेस के दो बार प्रत्याशी रह चुके नरेंद्र शर्मा ने बताया- हमारे प्रत्याशी और उनकी फैमिली एक परिवार की तरह हैं। सुबह और शाम आरती करते हैं। क्रिकेट खेलते हैं। कांग्रेस के नेताओं का आरोप है कि राजस्थान में बीजेपी के प्रत्याशी स्विमिंग पूल में आनंद उठा रहे हैं। टीकाराम जूली बोले- सरकार पुरानी परिपाटी तोड़ने में कसर नहीं छोड़ रही वहीं, बाड़ेबंदी में पुलिस पहुंचने पर राजस्थान के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के राज में कांग्रेस व समर्थित प्रत्याशियों के घरवालों पर दबाव बनाकर जबर्दस्ती घुसने का प्रयास करने में लगे हैं। लोकल पुलिस को साथ लेकर सरकार ऐसा करके पुरानी परिपाटी को तोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। जूली ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री नगर निकाय चुनाव में आप तानाशाही करना चाह रहे हैं। राजस्थान में ऐसा कहीं नहीं हुआ। अलवर में एक महिला को पुलिस ने उठाने का प्रयास किया गया। वहां पुलिस पिटते-पिटते बची है। इसी तरह करौली में पुलिस कैंडिडेट के घर पहुंची। वहां उन पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया। एक दिन पहले वन मंत्री ने कांग्रेस के कैंप में वनकर्मी और पुलिस भेज दी। पूरे प्रदेश में जगह-जगह इस तरह की शिकायतें आ रही है। पहली बात तो आप चुनाव नहीं कराना चाहते थे। कोर्ट से फजीहत होने के बाद चुनाव कराने पड़े। ईवीएम में वीवीपेट नहीं लगाई। मतदाता पर्चियां तक नहीं बंटवाई। कई जगह फर्जीवाड़ा करने की कोशिश की है। बीजेपी के लोगों को पुलिस सहयोग करने में लगी है। आपको कितने पार्षद चाहिए हम दे देंगे। जनता के निर्णय को स्वीकार करें। यह तानाशाही नहीं चलेगी। राजस्थान इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।