भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ गया है। अलवर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार शाम विरोध-प्रदर्शन करते हुए शहर के नंगली सर्किल पर मदन राठौड़ का पुतला फूंका। अलवर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने कहा कि मदन राठौड़ के बयान से भाजपा की कथनी और करनी में अंतर सामने आ गया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के बयान से ऐसा प्रतीत होता है कि पाकिस्तान को लेकर कोई मुद्दा आने पर भाजपा उसके साथ खड़ी है। इस बयान से पाकिस्तान के साथ भाजपा के संबंधों को लेकर सवाल खड़े होते हैं। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व को बताना चाहिए कि वे पाकिस्तान के साथ है या उसके खिलाफ। टीकाराम जूली ने भी साधा निशाना नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मदन राठौड़ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह भाजपा का असली चेहरा है, जो बातों-बातों में सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता दिनभर पाकिस्तान को गालियां देते हैं और गांवों में हिंदुस्तान-पाकिस्तान की बात करते हैं। तिजारा चुनाव के दौरान भी भाजपा नेताओं ने चुनाव को हिंदुस्तान और पाकिस्तान का मैच बताया था। जूली ने कहा कि मदन राठौड़ अमेरिका और पाकिस्तान की लड़ाई में पाकिस्तान के साथ खड़े होने की बात कैसे कह सकते हैं? उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले और पुलवामा में हुए बम धमाके का जिक्र करते हुए पाकिस्तान पर भारत के खिलाफ गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सीमा पर नापाक हरकतें करता है, ड्रग्स और हथियारों की सप्लाई करता है और देश को अस्थिर करने की कोशिश करता है। जूली ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व को बताना चाहिए कि भाजपा पाकिस्तान के साथ है या उसके खिलाफ।