अलवर के डहरा के पास हाजीपुर गांव से एक 80 वर्षीय बुजुर्ग पिछले चार दिनों से लापता हैं। परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए हैं, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग की मानसिक स्थिति कमजोर है और वह पहले भी कई बार घर से बाहर निकल जाते थे, लेकिन कुछ समय बाद वापस लौट आते थे। परिजनों के अनुसार 14 अप्रैल को बुजुर्ग रामधन गांव से निकलकर डहरा की ओर गए, जहां किसी ने उन्हें बस में बैठते हुए देखा। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका। परिवार ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर खोजबीन कर ली है, लेकिन सफलता नहीं मिली। परिजन कालू ने बताया कि उनके ताऊ रामधन की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, फिर भी वह पहले सुरक्षित घर लौट आते थे, लेकिन इस बार चार दिन बीतने के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। परिजनों ने बुजुर्ग का फोटो भी कई जगह भेजा है, ताकि किसी को पहचान में आ सके। इस संबंध में परिजनों ने विजय मंदिर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवार ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को भी इस बुजुर्ग के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत विजय मंदिर थाना पुलिस को सूचित कर मदद करें।