झालावाड़ में एक ट्रैक्टर बेकाबू होकर एक किराने की दुकान में घुस गया। इस हादसे में दुकान के बाहर खड़ी दो बच्चियां घायल हो गईं। वहीं, दुकानदार महिला के भी मामूली चोट लगी। घायलों को एसआरजी अस्पताल झालावाड़ में भर्ती कराया गया है। हादसा शनिवार दोपहर करीब 12 बजे झालावाड़ शहर की संजय कॉलोनी में नया तालाब के सामने बनी दुकानों पर हुआ। इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है। झालावाड़ अस्पताल चौकी प्रभारी भीम सिंह ने बताया- कोमल (12) पुत्री सुरेश और गरिमा (6) पुत्री शंभू गुर्जर निवासी गांवघेर अपनी घर के पास की दुकान पर सामान खरीद रही थीं। इसी दौरान नया तालाब के पास बिजली पोल से लदा एक ट्रैक्टर बेकाबू होकर सीधे दुकान में घुस गया। हादसे में दोनों बच्चियां ट्रैक्टर और काउंटर के बीच फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं, महिला दुकानदार ललिता बाई के भी मामूली चोट लगी। घायलों को एसआजी अस्पताल में कराया भर्ती चौकी प्रभारी भीम सिंह ने बताया- हादसे के बाद ड्राइवर और उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने जैसे-तैसे ट्रैक्टर को पीछे किया और घायल दोनों बच्चियों को तुरंत एसआरजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां कोमल का आईसीयू में इलाज चल रहा है, जबकि दूसरी घायल गरिमा की जांचें कराई जा रही हैं। ढलान में स्पीड पकड़ी तो ड्राइवर ने लगाए ब्रेक यह ट्रैक्टर एक ठेकेदारी फर्म का बताया जा रहा है, जो बिजली पोल लेकर नया तालाब की ओर से आ रहा था। अत्यधिक भार के कारण ढलान में ट्रैक्टर ने स्पीड पकड़ी तो ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगाए दिए, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। ड्राइवर वाहन पर कंट्रोल नहीं रख सका और ट्रैक्टर फिसलकर सीधे दुकान में जा घुसा। संजय कॉलोनी निवासी महफूज भाई ने बताया-यहां से दिनभर ईंटों और बजरी से भरे ट्रैक्टर निकलते हैं। नाबालिग लड़के तेज स्पीड में ट्रैक्टर चलाते हैं, जिनके पास लाइसेंस भी नहीं हैं। इसकी भी जांच होनी चाहिए। ड्राइवर और साथी हुए मौके से फरार हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर ड्राइवर और उसके साथ मौजूद तीन अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ड्राइवर नाबालिग प्रतीत हो रहा था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ दुर्घटना की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फरार ड्राइवर की तलाश जारी है।