अलवर के तिजारा थाना क्षेत्र के गांव हमीरका में ज्वार के खेत में बकरी घुसने को लेकर चाचा-ताऊ के परिवार आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और फरसी चल गई। हमले में एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल सलीम ने बताया कि शुक्रवार को उसकी बहन की शादी है और बारात आनी है। गुरुवार शाम वह शादी का सामान लेकर घर पहुंचा ही था कि उनकी बकरी चाचा महबूब के खेत में चली गई। इसी बात को लेकर महबूब, इस्लाम, मोबीन समेत करीब 40-50 लोग उनके घर पर आ धमके। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडों और फरसी से हमला कर दिया। देखे PHOTOS… हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ कर बाइक, खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और शादी के लिए खरीदा सामान भी नुकसान पहुंचाया। साथ ही कुछ जेवर गायब होने का भी आरोप लगाया गया है। घटना में मुस्तफा को तिजारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि सलीम को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसके सिर में 12 टांके आए हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें 30-40 लोग हमला करते दिख रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात काबू में किए और अब शिकायत के आधार पर जांच जारी है।