अलवर के तिजारा में खेत में बकरी घुसने के विवाद में चाचा-ताऊ के परिवार आमने-सामने हो गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों परिवारों के बीच लाठी-डंडे चल गए। हमले में एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना हमीरका गांव की है। घायल सलीम ने बताया- शुक्रवार को उसकी बहन की शादी है। बारात आनी है। गुरुवार शाम शादी का सामान लेकर घर पहुंचा था कि हमारी बकरी चाचा महबूब के खेत में चली गई। इसी बात को लेकर महबूब, इस्लाम, मोबीन समेत करीब 40-50 लोग घर पर आ धमके। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडों से हमला कर दिया। देखे PHOTOS… हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ कर बाइक, खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। शादी के लिए खरीदे सामान को भी नुकसान पहुंचाया। साथ ही कुछ गहने गायब होने का भी आरोप लगाया गया है। घटना में घायल हुए मुस्तफा को तिजारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, सलीम को गंभीर हालत में अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया। उसके सिर में 12 टांके आए हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें 30-40 लोग हमला करते दिख रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात काबू में किए। अब शिकायत के आधार पर जांच जारी है।