अलवर में पैर फिसलने से गिरने के बाद 95 वर्षीय नगर परिषद के पूर्व पार्षद शिवलाल मीणा की मौत हो गई। वे जनरल स्टोर की दुकान पर सामान लेने गए थे, तभी अचानक सामान लेते समय उनका पैर फिसल गया और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। चोट के कारण ब्रेन हेमरेज होने से उनकी जान चली गई। घटना अलवर शहर के अरावली विहार थाना इलाके के विवेकानंद नगर में शुक्रवार सुबह की है। घटना के बाद आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सैटेलाइट अस्पताल से जिला अस्पताल किया था रेफर परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह शिवलाल मीणा घर के पास ही एक जनरल स्टोर पर सामान लेने निकले थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर जा गिरे। गिरने से उनके सिर में गहरा घाव हो गया। परिजन उन्हें तुरंत सैटेलाइट अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। 1970 में चुने गए थे पार्षद, मूलतः नयाबास के रहने वाले थे मृतक के दामाद ने बताया कि शिवलाल मीणा वर्ष 1970 के आसपास ईश्वरीलाल सैनी के अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान नगर परिषद के पार्षद चुने गए थे। वे मूल रूप से अलवर के नयाबास क्षेत्र के निवासी थे और वहीं से पार्षद निर्वाचित होकर जनसेवा की थी।