अलवर के केडलगंज क्षेत्र से हनुमान जयंती के अवसर पर ध्वजा यात्रा का आयोजन किया गया। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यात्रा में 551 श्रद्धालु हाथों में ध्वज लेकर “जय श्री राम” के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। यात्रा की शुरुआत अलवर पुलिस बैंड की प्रस्तुति के साथ हुई, जिसने माहौल को भक्तिमय बना दिया। यात्रा में आकर्षक और झांकियों का विशेष आकर्षण देखने को मिला। इनमें 35 फीट ऊंची पूंछ पर रावण के दरबार में विराजमान हनुमान जी की झांकी सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा जोधपुर से लाया गया स्वर्ण रथ में रामदरबार, शिव अघोरी झांकी, बिना सिर की नरमुंड झांकी और हनुमान जी के विभिन्न स्वरूपों की झांकियों ने भी श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। राधा-कृष्ण की सजीव झांकी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। देखें यात्रा से जुड़े PHOTOS… ड्रोन से बरसाए फूल यात्रा के दौरान राम और लक्ष्मण का स्वरूप धारण किए कलाकार हाथों में धनुष-बाण लिए घोड़ी पर सवार होकर आगे-आगे चल रहे थे। वहीं लकड़ी के दोनों सिरों पर आग के गोले लगाकर किए गए करतबों ने लोगों को रोमांचित कर दिया। यात्रा के दौरान ड्रोन से श्रद्धालुओं और झांकियों पर पुष्प वर्षा भी की गई। समिति के अशोक सूडी ने बताया- बाला किला स्थित चक्रधारी जी महाराज के मंदिर परिसर में हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में जोधपुर का स्वर्ण रामदरबार, नासिक-मुंबई का बैंड, वृंदावन की झांकी, पर्वत उठाते हनुमान जी, देहरादून से गंगा मैया और हरिद्वार की गंगा आरती की झलकियां प्रस्तुत की गईं। साथ ही कलकत्ता से बाबा का विशेष शृंगार भी किया गया। शोभायात्रा शहर के प्रमुख बाजारों से होते हुए बाला किला स्थित मंदिर पहुंची, जहां भगवान हनुमान का फूल-पत्तियों से शृंगार किया गया।