अलवर जिले में मानसून के प्रवेश के तीसरे दिन शनिवार सुबह से मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। तड़के करीब 5 बजे से ही शहर और आसपास के क्षेत्रों में घने बादल छाए हुए हैं, जबकि कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी है। ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं-कहीं अच्छी बारिश भी दर्ज की गई। सुबह अचानक बदले मौसम से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। अन्य दिनों की तुलना में शनिवार सुबह तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। घने बादलों के कारण दिन में भी अंधेरे जैसा माहौल बना रहा, जिससे जिले में अच्छी बारिश की संभावना और बढ़ गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार अलवर जिले में 5 से 8 जुलाई तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 4 और 9 जुलाई को हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ आसमान में बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। अलवर में 2 जुलाई को मानसून ने दस्तक दी, जो सामान्य समय से करीब 7 दिन देरी से पहुंचा। हालांकि मानसून की शुरुआत उम्मीद के अनुरूप नहीं रही। गुरुवार को शहर में हल्की बारिश हुई, जबकि सरिस्का, प्रतापगढ़, नौगांव सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। शुक्रवार को पूरे दिन बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। वहीं शनिवार सुबह से फिर मौसम सक्रिय हो गया है और बादलों के साथ बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में जिले में मानसून और अधिक सक्रिय हो सकता है।