अलवर में आज सुबह से घने बादल छाए हुए है। लगातार बादलों और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से पूरी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। विभाग ने अगले 5 दिनों तक जिले में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। अलवर में 2 जुलाई को मानसून ने दस्तक दे दी है। इस साल अलवर में मानसून करीब सात दिन की देरी से पहुंचा है। मानसून की देर से एंट्री के कारण शुरुआती बारिश भी अपेक्षा से कम रही। मौसम विभाग के पिछले दस सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो जिन सालों में मानसून देर से पहुंचा, उन सालों में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार मानसून की शुरुआत तो हो चुकी है, लेकिन इसकी गति फिलहाल धीमी बनी हुई है। यदि आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता नहीं बढ़ी तो पूरे सीजन में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर अच्छी बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है।