अलवर में मंगलवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह जहां तेज धूप और साफ मौसम था, वहीं दोपहर बाद शहर और जिले में घने बादल छा गए और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने पहले ही बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की थी। बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को जहां तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया था, वहीं मंगलवार को यह 39 डिग्री पर आ गया और आगे और गिरने की संभावना है। देखे PHOTOS…. दरअसल, पिछले कई दिनों से तेज गर्मी और साफ मौसम बना हुआ था। दोपहर से पहले उमस भरी गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल था और पसीना तक नहीं सूख रहा था। लेकिन दोपहर बाद मौसम बदलने और बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इससे तीन दिन पहले भी जिले के कई इलाकों में बारिश के साथ ओले गिरे थे, जिससे कुछ दिनों तक तापमान में गिरावट आई थी। अब एक बार फिर मौसम बदलने से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग ने मंगलवार रात में भी बारिश और मौसम बदलने की संभावना व्यक्त की है।