अलवर जिला अस्पताल में मरीजों को भीषण गर्मी से राहत देने के लिए 12 सेंट्रल एसी लगाए गए हैं। इससे अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को गर्मी से काफी राहत मिलेगी। वहीं, हाल ही में हुई ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और मौसम विभाग ने आज और कल आंधी-बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। दरअसल, जिला अस्पताल के पुरुष और महिला मेडिकल वार्ड में एक बिजनेसमैन की ओर से 48 टन क्षमता के 12 सेंट्रल एसी लगाए गए हैं। इसके साथ ही अस्पताल के तीन वाटर कूलर भी ठीक करवाए गए हैं, जिस पर करीब 22 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। अस्पताल के ये दोनों वार्ड दूसरी मंजिल पर स्थित हैं, जहां पहले केवल कूलर और पंखों के सहारे ही मरीजों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ता था। इसके बावजूद वार्ड में काफी गर्मी रहती थी और मरीजों को परेशानी होती थी। मरीजों और उनके परिजनों को मिली गर्मी से राहत अस्पताल के पीएमओ डॉ. प्रवीण शर्मा की पहल पर अलवर के बुध विहार निवासी बिजनेसमैन नरेंद्र मोदी और उनके सहयोगियों ने यह काम करवाया है। इस पहल का उद्देश्य मरीजों को भीषण गर्मी में बेहतर सुविधा देना और उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाना है। बीकेटी टायर भुज गुजरात ने करीब 13 लाख रुपए और जीएम हाईटेक अलवर कंपनी की ओर से करीब 10 लाख रुपए का सहयोग दिया है। इस कंपनी के पार्टनर नरेंद्र मोदी व निर्मल मोदी हैं। कुल करीब 23 लाख खर्च हुए हैं। अलवर का तापमान में गिरावट, 38 डिग्री पहुंचा वहीं, जिले में मौसम में भी बदलाव देखने को मिला है। रविवार शाम को कई इलाकों में हुई ओलावृष्टि और रात में हुई तेज बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जहां रविवार को तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस था, वहीं अब यह घटकर सोमवार को 38 डिग्री हो गया है। मौसम विभाग ने आज और कल के लिए आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। हालांकि, सुबह से धूप बनी हुई है, लेकिन ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। जिले में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है, कभी बादल छा रहे हैं तो कभी तेज धूप निकल रही है।