अलवर के स्कीम नंबर-2 क्षेत्र में क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक के पास स्थित एक अंडर कंस्ट्रक्शन प्लॉट में जेसीबी से बेसमेंट की खुदाई करते समय वहां काम कर रहे मजदूरों को इंसानी खोपड़ी मिली। मौके पर मौजूद चौकीदार नारायण और मजदूरों ने तुरंत प्लॉट मालिक अचिंत मोदी को सूचना दी सूचना मिलते ही मालिक मौके पर पहुंचा और कोतवाली थाना पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद एएसआई अशोक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खोपड़ी को सुरक्षित तरीके से कट्टे में रखवाकर एक पेटी में पैक कर अस्पताल भिजवाया। अस्पताल प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 4 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम गठित की है। इस टीम में रेडियोलॉजिस्ट, मेडिकल ज्यूरिस्ट, एनाटॉमिस्ट और डेंटिस्ट शामिल हैं, जो खोपड़ी की गहन जांच करेंगे। प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों ने इसे इंसानी खोपड़ी माना है। हालांकि यह खोपड़ी कितनी पुरानी है और यह किसी पुरुष की है या महिला की, इसका खुलासा मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। इसके अलावा खोपड़ी को फॉरेंसिक जांच के लिए भी भेजा जाएगा। चौकीदार नारायण के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे खुदाई के दौरान खोपड़ी मिलने की जानकारी सामने आई थी। उन्होंने बताया कि इस प्लॉट पर पिछले एक महीने से निर्माण कार्य चल रहा है। फिलहाल पुलिस मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की जांच की दिशा तय की जाएगी और यह पता लगाया जा सकेगा कि यह मामला कितना पुराना और किन परिस्थितियों से जुड़ा हुआ है। --- ये खबर भी पढ़ें अजमेर में कुएं में मिला 5 महीने पुराना नर कंकाल:गांव के लापता युवक का होने का शक, मां की डीएनए जांच से होगी पुष्टि अजमेर जिले के बोराड़ा थाना क्षेत्र के देवरिया गांव के एक कुएं में बुधवार अपराह्न युवक का नर कंकाल मिला। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और नर कंकाल को बाहर निकलवाया। शव को बोराड़ा के अस्पताल में रखवाया है। प्रथम दृष्टया पाया कि नर कंकाल करीब पांच महीने पुराना है। (पूरी खबर पढ़ें)