अलवर में पारिवारिक जमीन के बंटवारे और रजिस्ट्री को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर लाठी-भाटा चले। हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जमीन को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। घटना रैणी इलाके के ईशवाना गांव की मंगलवार दोपहर 2 से 2.30 बजे के बीच की है। मारपीट की घटना का वीडियो भी सामने आया है। पीड़ित नरेंद्र कुमार शर्मा ने जमीन की रजिस्ट्री में कथित अनियमितता और लाठी-डंडों से मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित के अनुसार, इस घटना में उनके पिता छोटेलाल और भाई मुकेश घायल हो गए, जिन्हें राजगढ़ में शुरुआती इलाज के बाद गंभीर चोटों के चलते अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। देखें घटना से जुड़े मौके के PHOTOS… 29 एयर जमीन की रजिस्ट्री को लेकर विवाद नरेंद्र कुमार शर्मा निवासी ईशवाना के अनुसार, उनकी पारिवारिक जमीन उनके पिता छोटेलाल और दोनों ताऊ गोकुल चंद व सांवलराम के नाम संयुक्त रूप से दर्ज थी। दोनों ताऊ का निधन हो चुका है। बड़े ताऊ सांवलराम के बेटे मुरारी लाल और मुकेश हैं। नरेंद्र का आरोप है कि मुरारी लाल ने अपने हिस्से की करीब 29 एयर जमीन रोहिताश मीणा और उनकी माता संतो देवी के नाम रजिस्ट्री करवा दी, जिसकी जानकारी अन्य परिवार को नहीं दी गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि रोहिताश मीणा एसडीएम कार्यालय में एलडीसी पद पर कार्यरत हैं और उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग कर रजिस्ट्री करवाने में भूमिका निभाई। नरेंद्र के मुताबिक, मुकेश जमीन को 25 हजार रुपए सालाना के हिसाब से जोतता था। जब वह खेत में सरसों की बुवाई कर रहा था। तब विकास, उसके पिता रामचरण और रोहिताश मौके पर पहुंचे और बुवाई रुकवा दी। आरोप है कि इस दौरान बीज और खाद भी खराब कर दिए गए। बाद में समझाइश से मामला शांत हो गया। लाठी-डंडों से हमला, अलवर रेफर पीड़ित पक्ष के अनुसार, जब परिजन जमीन के कागजात और नकल निकलवाने रैणी तहसील गए हुए थे। तभी अचानक रोहिताश, विकास, रामचरण और उनके साथ आए करीब 7-8 लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें छोटेलाल और मुकेश को चोटें आईं। मुकेश के हाथ में कई टांके आए हैं और सिर पर भी गंभीर चोट लगी है। पीड़ित पक्ष ने शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।