राजस्थान के मौसम में दिन गर्म और रात ठंडी होने लगी है। शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हो रहा है। गुरुवार को सबसे ज्यादा ठंडा इलाका माउंट आबू रहा, जबकि सबसे गर्म बाड़मेर रहा। मौसम विभाग ने राज्य में अगले दो सप्ताह का पूर्वानुमान जारी किया है। जिसमें दिन का तापमान सामान्य से ऊपर जबकि रात का पारा सामान्य के आसपास दर्ज होने और बारिश कम होने की संभावना जताई है। माउंट आबू में सबसे ठंडी रात हिल स्टेशन माउंट आबू गुरुवार को राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां रात का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आबू के बाद फतेहपुर में 12.5, सिरोही में 13.4, सीकर में 13.2, उदयपुर में 14.4, नागौर में 14.1 और चित्तौड़गढ़ में 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अब आगे क्या? मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। इस दौरान दिनभर धूप रहने और कुछ शहरों के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। राजस्थान के प्रमुख शहरों में मौसम का हाल जयपुर: गुरुवार को भी दिनभर आसमान साफ रहा और तेज धूप रही। दिन में हल्की गर्मी के दौरान अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने जयपुर में अगले 5-7 दिन मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। उदयपुर: मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन में धूप तेज हो गई है, जबकि रात में ठंडक बढ़ गई है। गुरुवार को उदयपुर का अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अलवर: नवंबर के पहले सप्ताह में मौसम का मिजाज सामान्य बना हुआ है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का असर महसूस होने लगा है, जबकि दोपहर में धूप निकलने के बावजूद गर्मी का खास असर नहीं दिख रहा। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। कोटा: गुरुवार को दिन के तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। दिनभर आसमान साफ रहा, हल्की धूप खिली रही। अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने की संभावना है। अजमेर: गुरुवार को सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ने लगी है। वहीं, दोपहर में धूप के कारण गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम में बदलाव के साथ सुबह-शाम ठंड का अहसास होने लगा है। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जोधपुर: गुरुवार को एक बार फिर दिन में हल्की गर्मी का असर बढ़ गया। अधिकतम तापमान 36 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 7 से 9 नवंबर के बीच अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, 11 नवंबर से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। सीकर: गुरुवार को दिन और रात के तापमान में 20 डिग्री का फर्क रहा। रात को जहां तापमान 12.8 डिग्री था। वहीं, दोपहर का तापमान 33.7 डिग्री दर्ज किया गया। पूरे दिन धूप निकली रही।