अलवर जिले के बगड़ राजपूत स्थित पशु उप स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात लाइव स्टॉक असिस्टेंट लोकेश चंद को ड्यूटी के दौरान लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। एलएसए लोकेश ने नशे की हालत में न केवल अपनी जिम्मेदारियों की अनदेखी की, बल्कि इलाज के लिए पहुंचे पशुपालकों और किसानों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया। मामले के सामने आने के बाद विभाग ने इसे गंभीरता से लिया। जांच में सामने आया कि संबंधित कर्मचारी ने बीमार पशुओं के लिए दवा देने से इनकार कर दिया, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की हरकत से विभाग की छवि प्रभावित होती है, इसलिए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि के दौरान संबंधित कर्मचारी का मुख्यालय बीकानेर स्थित अतिरिक्त निदेशक (क्षेत्र) कार्यालय तय किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।