अलवर शहर में 16 साल की नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। नाबालिग की मां ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने नाबालिग की तलाश करने के साथ ही मामले में कुछ अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका भी जताई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, नाबालिग 12 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे से लापता है। परिजनों ने अपने स्तर पर कई जगह तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद नाबालिग की मां ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दी। रिपोर्ट में एक युवक पर संदेह जताते हुए उसके कुछ परिचितों के बारे में भी जानकारी दी गई है। पूछताछ कर नाबालिग को वापस लाने की मांग की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस रिपोर्ट में दी गई जानकारी के अनुसार तलाश कर रही है।